India

Mar 08 2024, 19:19

श्रीदेवी की बेटी खुशी कपूर हुई Oops Moment का शिकार, ट्रांसपेरेंट ड्रेस में वायरल फोटोज फैंस के बीच मचा रहे बवाल


बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी को तो आप जानते ही होंगे। वैसे तो अपने जमाने की खूबसूरत हीरोइन श्रीदेवी आज इस दुनिया में नहीं हैं। इसके बाद श्रीदेवी की दो बेटियां बॉलीवुड में धूम मचाने को तैयार हैं।फिल्मों में आ चुकी हैं श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर, उन्होंने कई हिट फिल्में भी दी हैं। जाह्नवी कपूर को अब किसी पहचान की जरूरत नहीं हैं।

लेकिन अब श्रीदेवी की छोटी बेटी खुशी कपूर भी फिल्म में आने के लिए बेताब हैं। लेकिन फिल्मों में आने से पहले ही वह सुर्खियों में आ चुकी हैं। सुर्खियों में आना कोई बड़ी बात नहीं हैं। लेकिन फिर भी महज 20 साल की उम्र में वायरल हो गई हैं खुशी कपूर। वो भी अपनी अजीबो-गरीब ड्रेस की वजह से।

बॉलीवुड हस्तियां गुमनाम होने के बजाय बदनाम होना पसंद करती हैं। कहीं न कहीं इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रीदेवी की बेटी खुशी कपूर भी नजर आ रही हैं। वह इतने पारदर्शी कपड़े पहन कर निकली कि उसके अंडरगारमेंट्स भी दिखाई दे रहे थे। उसने जानबूझकर ऐसा किया, यह उनके साथ किसी धोखे से नहीं हुआ है। कई बार बॉलीवुड की हीरोइनों को धोखा दिया जाता है या उनकी ड्रेस इस तरह बना दी जाती है कि वह ऊप्स मोमेंट का शिकार हो जाती हैं।

India

Mar 08 2024, 19:12

आत्मनिर्भर भारत ! DRDO बनाएगा स्वदेशी 5th जनरेशन फाइटर जेट, मोदी सरकार ने दी बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी


देश की सुरक्षा को लेकर कैबिनेट समिति ने DRDO द्वारा किए जाने वाले उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट परियोजना को डिजाइन और विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि लगभग 15,000 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) की वैमानिकी विकास एजेंसी विभिन्न निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की एजेंसियों के साथ साझेदारी में स्टील्थ फाइटर जेट और इसकी प्रौद्योगिकियों का विकास करेगी और लगभग पांच वर्षों में लगभग पांच प्रोटोटाइप बनाएगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना में सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड सहित उद्योग द्वारा निर्मित प्रोटोटाइप को देखा जाएगा। सरकार स्वदेशी प्रौद्योगिकियों और सैन्य उद्योग के विकास की दिशा में काम कर रही है। रक्षा मंत्रालय की परिकल्पना है कि पांचवीं पीढ़ी की विमान परियोजना लाखों नौकरियां पैदा करेगी और भारतीय वायु सेना के ऑर्डर भारतीय संस्थाओं के लिए लाखों करोड़ रुपये का व्यवसाय पैदा कर सकते हैं और बड़े पैमाने पर नौकरियां भी पैदा कर सकते हैं।

नरेंद्र मोदी सरकार के तहत भारतीय वायु सेना से स्वदेशी लड़ाकू विमान परियोजनाओं को बड़ा बढ़ावा मिला है क्योंकि सरकार ने एलसीए मार्क-2 परियोजना के लिए इंजनों की मंजूरी के साथ 200 से अधिक हल्के लड़ाकू विमानों का ऑर्डर दिया है। उम्मीद है कि 2030 के बाद एएमसीए को परिचालन भूमिकाओं में शामिल किया जाना शुरू हो जाएगा और पहले दो स्क्वाड्रनों को जीई-414 इंजनों द्वारा संचालित करने की योजना है, जबकि शेष स्क्वाड्रनों के लिए अधिक शक्तिशाली इंजनों को विकसित करने पर अभी भी चर्चा चल रही है।

भारत में पांचवीं पीढ़ी के 200 से अधिक शक्तिशाली लड़ाकू विमानों को शामिल करने की संभावना है और ये विमान भारत को देश के भीतर लड़ाकू विमानों की भावी पीढ़ियों को विकसित करने में भी मदद करेंगे।

India

Mar 08 2024, 19:10

उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, मनीष खंडूडी ने थमाया पार्टी को त्यागपत्र

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तराखंड कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मनीष खंडूडी ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने बताया कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहा हूं। मेरा यह निर्णय बिना किसी व्यक्तिगत हित अथवा अपेक्षा से लिया गया है।

कांग्रेस के गढ़वाल लोकसभा प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी का जन्म पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के घर 16 अक्टूबर 1968 को हुआ। शिक्षा में बचपन से ही अव्वल मनीष ने नेताजी सुभाष चंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीई की परीक्षा उत्तीर्ण की है।

उत्तराखंड में गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी को इंजीनियरिंग और मीडिया के क्षेत्र में महारथ हासिल है। चुनाव से ठीक पहले पार्टी से इस्तीफा देने के अब कई राजनैतिक मायने सामने आ रहे हैं।

India

Mar 08 2024, 19:09

हर्षोल्लास से मना अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, कैबिनेट मंत्री ने किया पारम्परिक नृत्य

आजीविका भवन एमपी के झाबुआ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया महिला एवं बाल विकास विभाग मध्य प्रदेश शासन द्वारा किया गया। कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेखा राठौर, पुलिस अधीक्षक श्री पदम विलोचन शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी.एल. कुर्वे द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहां की बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी यह शिक्षा दी जाए की महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार किया जाए इसी से ही लेंगिक समानता के विचार को परिपूर्ण कर सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आश्वाशन दिया कि सरकार एवं मंत्रालय की तरफ से कोई कमी नहीं होगी। मंत्री द्वारा इस क्षेत्र में विकास हेतु सुझाव भी मांगे गए। कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा द्वारा सभी को शुभकामनाए देते हुए कहा कि हम जिले में महिलाओ के विकास के लिए कार्य कर रहे है। जिले में प्रचलित कुप्रथाये के रोकथाम के कार्य कर रहे है। पुलिस अधीक्षक श्री पदम विलोचन शुक्ला द्वारा कहा गया कि प्राचीन काल से ही हर क्षेत्र में महिलाओ की भूमिका रही है। वैदिक काल कि विदुषी महिलाये घोषा, लोपामुद्रा, विश्व्दारा इत्यादि का उदाहरण देते हुए कहा की वर्तमान में भी महिलाये विभिन्न क्षेत्रो में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेखा राठौर ने कहा कि जिले में महिलाये उच्च पदों पर पदस्थ है जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है, जिले में महिलाओ के लिए कई कार्य हो रहे है इसी के साथ ही महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गई।

इस अवसर पर महिलाओ द्वारा पारम्परिक नृत्य की प्रस्तुति की गई। जिसमे केबिनेट मंत्री द्वारा उत्साह पूर्वक सहभागिता की गई। विभिन्न क्षेत्रो में कार्य करने वाली महिलाओ को शील्ड एवं प्रशस्ती पत्र से समान्नित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती वर्षा चौहान द्वारा किया गया। अंत में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राधुसिंह बघेल द्वारा सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाए देते हुए आभार व्यक्त किया।

India

Mar 08 2024, 18:44

उद्धव ठाकरे ने नितिन गडकरी को दिया खुला ऑफर, बोले बीजेपी छोड़िये, एमवीए में चले आईये

#uddhav_thackeray_offer_to_the_nitin_gadkari_to_contest_from_mva

महाराष्ट्र की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है।पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को खुला ऑफर दे दिया है।उद्धव ठाकरे ने नितिन गडकरी को भाजपा छोड़कर महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में शामिल होने का प्रस्ताव दिया।

जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की घड़ी नजदीक आ रही है, जोड़-तोड़ की राजनीति भी जोर-शोर से चल रही है। टिकट कटने के बाद या टिकट कटने की आशंका को देखते हुए पार्टियों में दल बदल का सिलसिला शुरू हो गया है। इस बीच आज महाराष्ट्र के धाराशिव में जनसंवाद रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने भाजपा के दिग्गज नेता नितिन गडकरी को खुला ऑफर दे दिया।साथ ही महाविकास अघाड़ी की टिकट पर चुनाव लड़ने को कहा। चुनाव जितवाने की गारंटी भी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आगे झुकने की जरूरत नहीं है।

बता दें कि भाजपा ने हफ्तेभर पहले लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची में नितिन गडकरी का नाम शामिल नहीं था। ऐसे में उद्धव ठाकरे ने नितिन गडकरी को एमवीए से चुनाव लड़ने की पेशकश कर दी है।

इस ऑफर पर अभी तक नितिन गडकरी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।उन्होंने इस ऑफर को मजाक बताते हुए कहा कि यह ऑफर ऐसा लग रहा है, मानो राह चलते व्यक्ति ने अमेरिका का राष्ट्र अध्यक्ष बनाने का ऑफर दिया हो। उद्धव की अपनी पार्टी का तो बैंड-बाजा बजा हुआ है। गडकरी भाजपा के दिग्गज नेता हैं। वे महाराष्ट्र के नागपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते हैं और वहीं से चुनाव लड़ेंगे।

India

Mar 08 2024, 16:22

भारत ने सीमा पर बढ़ाई सैनिकों की संख्या, चीन को लगी मिर्ची, बोला- तनाव कम करने में दिक्कत होगी

#india_increased_troops_on_the_border_then_china_felt_irritated

जून 2020 में पूर्वी लद्दाख के गलवां में झड़प के बाद चीन और भारत के बीच गतिरोध जारी है। बीते चार वर्षों से वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर उसने अपने सैनिकों को अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर रखा है। जिसके जवाब में भारत भी लगातार सीमा पर खुद को सुरक्षित कर रहा है। इस बीच बारत सरकार चीन के साथ अपनी सीमा को और मजबूत करने के लिए 10,000 अतिरिक्त सैनिक तैनात करने जा रही है। ये जवान अभी देश की पश्चिमी सीमा पर तैनात थे।

सेना ने वेस्टर्न बॉर्डर पर तैनात 10000 सैनिकों को भारत चीन सीमा पर तैनात किया है। हालांकि सेना के अधिकारियों ने इसके बारे में कोई औपचारिक सूचना नहीं दी है। ये जवान उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश तक लगती चीन की सीमा पर तैनात किए गए हैं। भारत-चीन सीमा के इस क्षेत्र में पहले से ही 9000 सैनिक तैनात हैं।भारतीय जवान 532 किमी लंबी सीमा को और ज्यादा सुरक्षित करेंगे।

चीन पहले उकसाता है और जवाबी कार्रवाई हो तो धमकियां देने पर उतर जाता है। बीते चार वर्षों से वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर उसने अपने सैनिकों को अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर रखा है और जब भारत वहां अपने सैनिकों को बढ़ाने लगा तो उसे मिर्ची लग रही है।चीनी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा है कि भारत के इस कदम से सीमा पर तनाव कम करने में मदद मिलेगी।

बता दें कि साल 2020 में चीन के साथ झड़प में कम से कम 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए। भारत और चीन के बीच संबंध 5 मई, 2020 से तनावपूर्ण रहे हैं, जब उनकी साझा सीमा पर विभिन्न स्थानों पर टकराव और झड़पें हुई थीं। ये घटनाएं लद्दाख के पैंगोंग झील, तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र और सिक्किम और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के बीच की सीमा के पास हुईं। इस घटना के बाद साल 2021 में भारत ने चीन के साथ अपनी सीमा पर गश्त करने के लिए अतिरिक्त 50,000 सैनिकों को तैनात की थी।

India

Mar 08 2024, 15:44

चुनाव के लिए आप का कैंपेन लॉन्च, 'संसद में भी केजरीवाल तो दिल्ली होगी और खुशहाल

#kejriwal_and_bhagwant_mann_launched_kejriwal_in_parliament_too_campaign

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज अपना लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान शुरू कर दिया। दोनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की।लोकसभा चुनाव के लिए आप ने नया नारा दिया है- संसद में भी केजरीवाल, तब दिल्ली होगी और खुशहाल। केजरीवाल ने दिल्ली के चारों कैंडिडेट्स के साथ कैंपेन की लॉन्चिंग की। केजरीवाल के मंच पर पंजाब के सीएम भगवंत मान के अलावा चारों कैंडिडेट भी मौजूद रहे।

इस दौरान सीएम केजरीवाल ने कहा, ''आज से 12 साल पहले दिल्ली की जनता ने हमें बड़ी जिम्म्मेदारी दे दी। हम छोटे लोग हैं, सात जन्मतक भी इस एहसान को चुका नहीं पाऊंगा। मैं भी पूरी कोशिश करता हूं दिल्ली वालों की सेवा करने की। खुद को सीएम नहीं मानता हूं। दिल्ली के सभी परिवार की कैसे मदद करूं यही सोचता रहता हूं।'' आगे उन्होंने कहा, ''जैसी शिक्षा मेरे बच्चों को मिली है, वैसी ही शिक्षा दिल्ली के सभी बच्चों को देना चाहता हूं। लेकिन जब भी अच्छा काम करता हूं ये बीजेपी वाले और एलजी रोकते हैं। ये नफरत करते हैं आपसे, क्योंकि आपने दिल्ली में आप की सरकार बना दी। उसी का बदला ये लोग आपसे ले रहे हैं।''

इस अवसर पर केजरीवाल ने मुफ्त इलाज, शिक्षा और मुफ्त बिजली पर बात करते हुए कहा कि मैं 7 जन्मों तक सेवा करूं तब भी एहसान नहीं चुका सकता। मैंने दिल्ली के ढाई करोड़ लोगों को अपना परिवार समझा है। उन्होनें आगे कहा कि एक टीवी चैनल पर एक अम्मा को देखा जो कह रही थी कि मेरी जान इलाज कराकर केजरीवाल की वजह से बची। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी कोशिश है कि जैसी पढ़ाई मेरे बच्चों की मिली सभी बच्चों को मिले। जो ईलाज मुझे मिलता है वैसा ही दिल्ली के लोगों को मिले। अपनी पार्टी के 12 साल के कार्यकाल को गिनाते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश में आज सिर्फ दो राज्य दिल्ली और पंजाब ऐसे राज्य हैं जहां 24 घंटे और मुफ्त बिजली मिलती है।

बता दें कि आप दिल्ली, गुजरात और हरियाणा में सीट बंटवारे के समझौते के तहत इंडी अलायंस पार्टनर कांग्रेस के साथ मिलकर आम चुनाव लड़ेगी। हालांकि, पंजाब में दोनों दलों ने स्वतंत्र रूप से लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

India

Mar 08 2024, 14:14

सुधा मूर्ति राज्यसभा के लिए मनोनीत, पीएम मोदी ने किया ऐलान

#sudha_murthy_nominated_for_rajya_sabha_pm_modi_announced

इंफोसिस के को-फाउंडर नारायण मूर्ति की पत्नी और मशहूर लेखिका सुधा मूर्ति को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर यह जानकारी दी। राज्यसभा के सांसद के रूप में मनोनीत होने पर पीएम मोदी ने सुधा मूर्ति को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति हमारी नारी शक्ति के लिए एक शक्तिशाली प्रमाण है। बता दें कि सुधा मूर्ति इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष भी हैं।

पीएम ने एक्स पर लिखा, ''मुझे ख़ुशी है कि भारत के राष्ट्रपति ने सुधा कृष्णमूर्ति को राज्यसभा के लिए मनोनित किया है। सुधा जी का सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित विविध क्षेत्रों में योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायक रहा है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति हमारी 'नारी शक्ति' का एक शक्तिशाली प्रमाण है, जो हमारे देश की नियति को आकार देने में महिलाओं की ताकत और क्षमता का उदाहरण है। उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करता हूं।''

सुधा मूर्ति प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और लेखिका हैं। सुधा मूर्ति ने आठ उपन्यास लिखे हैं। वह भारत की सबसे बड़ी ऑटो निर्माता इंजीनियरिंग और लोकोमोटिव कंपनी टेल्को में काम करने वाली पहली महिला इंजीनियर भी हैं।सुधा मूर्ति इंफोसिस फाउंडेशन के संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी हैं। सुधा मूर्ति के दो बच्चे हैं, बेटी अक्षता मूर्ति और बेटा रोहन मूर्ति। अक्षता नारायण मूर्ति ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय फैशन डिजाइनर हैं और यूके के प्रधानमंत्री की पत्नी हैं। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सुधा मूर्ति के दामाद हैं।

बता दें कि सुधा मूर्ति को 2006 में सामाजिक कार्यों के लिए भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। बाद में 2023 में उन्हें तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मभूषण से भी सम्मानित किया गया था। देश के राष्ट्रपति कला, साहित्य, विज्ञान और सामाजिक सेवाओं में उनके योगदान के लिए 12 सदस्यों को संसद के उच्च सदन में नामांकित करते हैं।

India

Mar 08 2024, 13:38

पीएम मोदी ने दिया नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड, जया किशोरी, मैथिली ठाकुर समेत इन्हें मिला सम्मान

#pm_modi_attend_1st_ever_national_creators_awards

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड प्रदान किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भारत मंडपम में मैथिली ठाकुर, जया किशोरी सहित कई युवा हस्तियों को यह पुरस्कार प्रदान किया है। कहानी सुनाने, सामाजिक परिवर्तन, पर्यावरणीय स्थिरता, शिक्षा, गेमिंग सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता और प्रभाव को पहचानने का एक प्रयास है।

पीएम मोदी ने लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर को सांस्कृतिक राजदूत वर्ष पुरस्कार दिया। वहीं, उन्होंने जया किशोरी को सामाजिक परिवर्तन के लिए सर्वश्रेष्ठ रचनाकार का पुरस्कार प्रदान किया। पीएम मोदी ने इस दौरान ड्रू हिक्स को भी सम्मानित किया। उन्होंने ड्रू हिक्स को सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार प्रदान किया। गेमिंग श्रेणी में निश्चय को सर्वश्रेष्ठ क्रिएटर का पुरस्कार प्रदान किया। वहीं, सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य और फिटनेस क्रिएटर का पुरस्कार अंकित बैयानपुरिया को मिला। पीएम मोदी ने शिक्षा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ रचनाकार का पुरस्कार नमन देशमुख को दिया।

इसके अलावा सम्मानित होने वालों में पंखती पांडे भी शामिल हैं, जिन्हें 'ग्रीन चैंपियन' श्रेणी में पुरस्कार मिला। इसके साथ ही कीर्तिका गोविंदासामी को सर्वश्रेष्ठ कहानीकार, गायिका मैथिली ठाकुर को सांस्कृतिक राजदूत ऑफ द ईयर, गौरव चौधरी को टेक श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ निर्माता पसंदीदा यात्रा निर्माता के लिए कामिया जानी को सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार कहानी सुनाने, सामाजिक परिवर्तन की वकालत, पर्यावरणीय स्थिरता, शिक्षा और गेमिंग सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता और प्रभाव को पहचानने का एक प्रयास है। इसकी शुरुआत सकारात्मक बदलाव लाने के लिए की गई है। इससे रचनात्मकता का उपयोग करने को बढ़ावा भी मिलेगा। इसीलिए इस पुरस्कार की परिकल्पना की गई है।

India

Mar 08 2024, 12:28

नाटो में हुई स्वीडन की एंट्री, यूक्रेन के साथ युद्ध बीच बना 32वां मेंबर

#swedenbecomesnato_member

स्वीडन गुरुवार को अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) में शामिल हो गया। वह इस संगठन का 32 वां सदस्य देश बन गया है। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन और अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक समारोह की अध्यक्षता की, जिसमें गठबंधन में स्वीडन के शामिल होने के दस्तावेज को आधिकारिक तौर पर विदेश विभाग में जमा कर दिया गया। दो वर्ष से जारी यूक्रेन युद्ध से सबक लेते हुए स्वीडन ने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद 75 वर्षों से बनी अपनी निष्पक्षता को त्यागकर नाटो की सदस्यता ग्रहण की है।

इस मौके पर अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि “यह स्वीडन के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह गठबंधन के लिए ऐतिहासिक है। यह ट्रांस अटलांटिक संबंधों के लिये इतिहास है। हमारा नाटो गठबंधन अब पहले से कहीं अधिक मजबूत और बड़ा हो गया है।" इसके साथ ही व्हाइट हाउस ने कहा कि स्वीडन को नाटो सहयोगी के रूप में रखने से अमेरिका और हमारे सहयोगी और भी सुरक्षित हो जाएंगे। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा कि "नाटो दुनिया के इतिहास में सबसे शक्तिशाली रक्षात्मक गठबंधन है, और यह आज भी हमारे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है जितना 75 साल पहले था जब हमारे गठबंधन की स्थापना द्वितीय विश्व युद्ध के दौर में हुई थी

स्वीडन के नाटो में शामिल होने पर, नाटो के सचिव जनरल जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने बयान जारी कर कहा कि 'यह एक ऐतिहासिक दिन है। स्वीडन को अब नाटो में एक अधिकारपूर्वक जगह मिलेगी और उसकी बात का भी नाटो की नीतियों और फैसलों में ध्यान रखा जाएगा।' उन्होंने कहा कि '200 वर्षों ज्यादा समय तक गुट निरपेक्ष रहने के बाद स्वीडन को भी अब अनुच्छेद 5 के तहत सुरक्षा की गारंटी मिलेगी।

रूस यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से ही रूस का पड़ोसी देश स्वीडन और फिनलैंड नाटो का सदस्य बनने की कोशिश कर रहे थे। फिनलैंड बीते साल नाटो का सदस्य बन गया और अब स्वीडन की भी नाटो में एंट्री हो गई है। इसका मतलब ये है कि रूस को छोड़कर बाल्टिक सागर से घिरे सारे देश अब नाटो का हिस्सा बन गए हैं। यह रूस के लिए झटका है। यूक्रेन की नाटो में शामिल होने की इच्छा को देखते हुए ही रूस ने उस पर फरवरी 2022 में हमला किया था और वहां पर अभी तक बर्बादी जारी है।

रूस ने भी जारी किया बयान

रूस ने भी स्वीडन के नाटो में शामिल होने पर बयान जारी कर कहा है कि वह भी इसके जवाब में कदम उठाएगा और अगर स्वीडन में नाटो के सैनिकों की तैनाती होती है तो रूस भी इसके खिलाफ कदम उठाएगा। इस समझौते के बाद स्वीडन पर होने वाला हमला पूरे नाटो पर हमला माना जाएगा और अमेरिका व अन्य 30 देश स्वीडन के साथ मिलकर हमले का जवाब देंगे।

क्या है नाटो

नॉर्थ अटलांटिक संधि संगठन (North Atlantic Treaty Organization) का गठन 1949 में हुआ था, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस समेत 12 देश थे। अब नाटो के सदस्यों की संख्या 32 हो गई है। नाटो का उद्देश्य सोवियत संघ के विस्तार को रोकना था। नाटो के किसी भी सदस्य पर हमला सभी सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा। नाटो की कोई सेना नहीं है, लेकिन सभी सदस्य देश एकजुट होकर संकट में कार्रवाई कर सकते हैं। नाटो देश संयुक्त सैन्य अभ्यास भी करते हैं। अब नाटो में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन और तुर्किए, अल्बानिया, बुल्गारिया, हंगरी, पोलैंड, द चेक रिपब्लिक, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, पुर्तगाल, नॉर्वे, नॉर्थ मैसेडोनिया, नीदरलैंड्स, मोनटेग्रो, लक्जमबर्ग, आइसलैंड, ग्रीस, डेनमार्क, क्रोएशिया, बेल्जियम, रोमानिया, लिथुआनिया, लातविया, एस्टोनिया के साथ अब फिनलैंड और स्वीडन भी सदस्य देश हैं।